सीएम धामी ने उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम धामी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘X’ पर रतन टाटा को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “भारत के महान उद्योगपति रतन टाटा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। उन्होंने देश की औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।”

सीएम धामी ने आगे कहा कि रतन टाटा का दृष्टिकोण, समर्पण और व्यावसायिक कुशलता न केवल टाटा समूह को नई ऊँचाइयों तक ले गई, बल्कि राष्ट्र के समग्र विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने रोजगार सृजन, समाज के सशक्तिकरण और नवाचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया।

रतन टाटा के जीवन और उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद करते हुए सीएम धामी ने उन्हें एक प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन, उनके विचार और उनकी सेवाएं हम सभी के लिए प्रेरणादायक हैं। रतन टाटा की सोच और काम ने न केवल व्यावसायिक जगत को बल्कि समाज को भी नई दिशा दी है।

देश के आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण के प्रति उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके द्वारा शुरू की गई पहल और समाज के प्रति उनका दृष्टिकोण आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक रहेगा। सीएम धामी ने अंत में कहा कि रतन टाटा का निधन न केवल उद्योग जगत के लिए बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!