गोवा क्लब आग हादसा: उत्तराखंड के पाँच युवकों की मौत

गोवा क्लब आग हादसा

गोवा के अर्पोरा में स्थित एक नाइटक्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें उत्तराखंड के पाँच युवक भी शामिल हैं। राज्य पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान जीतेन्द्र सिंह, सुमित नेगी, मनीष सिंह, सतीश सिंह और सुरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। सभी युवक क्लब में बतौर कर्मचारी काम करते थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से फोन पर बातचीत कर इस घटना की जानकारी ली और आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार लगातार गोवा प्रशासन के संपर्क में है और सभी औपचारिकताएँ तुरंत पूरी कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

धामी ने गोवा सीएम से विशेष रूप से पहचान, चिकित्सा सुविधा और वित्तीय राहत सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी पीड़ित की पहचान उत्तराखंड निवासी के रूप में होती है, तो उनके परिवार को तुरंत सूचित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

गोवा के मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सीय और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि घटना पर लगातार नजर रखें और यदि किसी भी नागरिक की पुष्टि होती है, तो उनके परिवार को तत्काल हर संभव सहायता—चिकित्सीय, कानूनी, परामर्श आदि—प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।

उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पाँचों युवक रेस्तरां-कम-नाइटक्लब के कर्मचारी थे।

  • सतीश सिंह की पहचान उनके चचेरे भाई ने की, और पोस्ट-मॉर्टम के बाद उनका शव परिवार को सौंप दिया गया।

  • सुरेन्द्र सिंह की पहचान उनके एक स्टाफ साथी विष्णु ने की, उनका पोस्ट-मॉर्टम पूरा हो चुका है पर शव अभी नहीं सौंपा गया।

  • जीतेन्द्र सिंह की पहचान उनके मित्र ने की है, उनका पोस्ट-मॉर्टम लंबित है।

  • सुमित नेगी की पहचान भी विष्णु ने की और उनका पोस्ट-मॉर्टम पूरा हो गया है।

  • मनीष सिंह की पहचान उनके चचेरे भाई ने की है; उनका पोस्ट-मॉर्टम पूरा है, लेकिन शव अभी सौंपा नहीं गया है।

राज्य सरकार ने कहा है कि अंतिम संस्कार, दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं में परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *