इटली में 87 करोड़ की लग्जरी यॉट में पार्टी के दौरान लगी आग, समुद्र में डूबी; 14 लोगों की बची जान

सार्डिनिया के पोर्टो सर्वो के पास हुआ हादसा, इंजन में आग लगने के बाद तेजी से भरने लगा पानी

रोम। इटली के सार्डिनिया में एक बेहद महंगी लग्जरी यॉट ‘एंजियोला II’ पार्टी के दौरान अचानक समुद्र में डूब गई। यॉट पर उस समय मेहमानों और क्रू मेंबर समेत कुल 14 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इंजन में खराबी के बाद लगी आग

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को पोर्टो सर्वो के पास समुद्र में यॉट पर पार्टी चल रही थी। इसी दौरान यॉट के इंजन में खराबी आ गई। कुछ ही देर बाद इंजन में आग लग गई, जिसके बाद यॉट के अंदर तेजी से पानी भरने लगा।

स्थिति बिगड़ने पर यॉट एक तरफ झुकने लगी और कुछ समय बाद पूरी तरह समुद्र में समा गई। हादसे के दौरान मौजूद लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।

87 करोड़ रुपये में खरीदी गई थी यॉट

‘एंजियोला II’ की कीमत करीब 9.1 मिलियन डॉलर यानी लगभग 87 करोड़ रुपये बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, यॉट को इसके मौजूदा मालिक ने कुछ ही दिन पहले खरीदा था

बताया गया है कि यॉट के मालिक इटली के एक बड़े कारोबारी हैं और हादसे के दौरान उन्होंने सबसे आखिर में यॉट छोड़ी।

98 फीट लंबी थी ‘एंजियोला II’

यह लग्जरी यॉट करीब 98 फीट लंबी थी। हादसे के बाद ज्यादातर लोगों को पास से गुजर रहे दूसरे जहाज की मदद से रेस्क्यू किया गया। इसके बाद इटली के अधिकारियों ने सभी लोगों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।

रिपोर्ट के अनुसार, यॉट समुद्र में करीब 23 फीट की गहराई में डूब गई। रेस्क्यू के बाद अधिकारियों ने यॉट को समुद्र की तलहटी में सुरक्षित स्थिति में रखा।

कोस्ट गार्ड कर रहा हादसे की जांच

यॉट डूबने की घटना के बाद इटली का कोस्ट गार्ड जांच में जुट गया है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इंजन में खराबी किस वजह से आई, आग कैसे लगी और यॉट में पानी भरने की स्थिति क्यों बनी।

हादसे की तकनीकी जांच के बाद ही आग और डूबने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यॉट में थीं कई लग्जरी सुविधाएं

एंजियोला II’ एक Amer F100 मॉडल की लग्जरी यॉट बताई गई है। इसमें 5 केबिन हैं और करीब 10 मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था है। इसके अलावा इसमें 5 क्रू मेंबर के लिए भी जगह है।

यॉट में चार इंजन लगे हैं और इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 52 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। इसे 2020 में इटली की शिपबिल्डर कंपनी Permare ने बनाया था।

मुख्य Highlights

  • 87 करोड़ रुपये की लग्जरी यॉट समुद्र में डूबी
  •  पार्टी के दौरान इंजन में लगी आग
  •  यॉट पर सवार थे 14 लोग
  • सभी 14 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
  •  हादसा सार्डिनिया के पोर्टो सर्वो के पास हुआ
  •  यॉट की लंबाई करीब 98 फीट
  •  यॉट में चार इंजन और पांच केबिन
  •  अधिकतम रफ्तार करीब 52 किमी/घंटा
  •  इटली का कोस्ट गार्ड हादसे की जांच कर रहा है