देश भर में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर अडानी ग्रुप की झोली में गिर सकती है। इसे खरीदने की बोली लगाने के लिए जिन चार अंतिम कंपनियों को शॉर्टलिस्ट किया है, उनमें अडानी ग्रुप की एक कंपनी भी शामिल है।भारत की अग्रणी स्मार्ट मीटर कंपनी इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर ( IntelliSmart Infrastructure ) की बिक्री प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस रेस में अडानी ग्रुप की कंपनी सहित चार बोलीदाताओं को बातचीत के अगले दौर के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इकनॉमिक टाइम्स के अनुसार, इस प्रस्तावित सौदे में इंटेलीस्मार्ट का इक्विटी वैल्यूएशन लगभग 400 मिलियन डॉलर (करीब 3770 करोड़ रुपये) होने की उम्मीद है।
ये 4 पहुंचे अगले दौर में
इंटेलीस्मार्ट के साथ सौदे के लिए दूसरे दौर की बातचीत में अडानी ग्रुप की कंपनी समेत कुल चार ने जगह बनाई है। चार शॉर्टलिस्टेड बोलीदाता इस प्रकार हैं:
- 1. अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस ( Adani Energy Solutions )
- 2. जीएमआर स्मार्ट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन (GMR Smart Electricity Distribution)
- 3. जीआईसी (GIC) समर्थित जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर (Genus Power Infrastructures)
- 4. स्विस फंड पार्टनर्स ग्रुप (Partners Group)
अगले महीने होगी अंतिम बोली
सूत्रों के मुताबिक, इन शॉर्टलिस्टेड कंपनियों ने ड्यू डिलिजेंस (कंपनी की वित्तीय और कानूनी जांच-परख) शुरू कर दी है। मध्य-जून तक इन कंपनियों की ओर से आखिरी और बाध्यकारी बोलियां जमा किए जाने की संभावना है।
इंटेलीस्मार्ट को खरीदने के लिए शुरुआती दौर में लगभग 10 कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई थी। इनमें से गहन जांच-परख के लिए केवल 4 या 5 संभावित खरीदारों को ही शॉर्टलिस्ट किया जाना था।
