नई टिहरी। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट की परीक्षा में टिहरी जनपद के दो छात्रों ने टाप-25 में जगह बनाई है। जबकि हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में जनपद के 15 छात्र-छात्राओं ने टाप-25 में स्थान बनाने में सफलता हासिल की है।
- टिहरी के 17 छात्रों ने बोर्ड टॉप-25 में स्थान पाया
- इंटरमीडिएट में शुभम पंवार, अनीश जोशी ने रैंक हासिल की
- हाईस्कूल में मेघराज, अश्विनी सहित 15 छात्र चमके
भले ही अन्य वर्षों की अपेक्षा इस बार टिहरी जनपद का दबदबा बोर्ड के टापरों में नहीं दिखा है।
इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में एसबीबीबीवीएस जखधार, पौड़ीखाल के शुभम सिंह पंवार ने 94.80 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में 13वीं रैंक और पीवीएसवीएम ढालवाला के अनीश जोशी ने 94.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 14वीं रैंक प्राप्त की है।
हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में एसवीएमआइसी जाखणीधार के मेघराज ने 95.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में दसवीं रैंक, अजय भट्ट एसवीएमआइसी श्रीकोट, चमियाला के अश्वनी तिवारी ने 95 प्रतिशत 13वीं रैंक, बीएचएसवीएम काडी, छाम की आकांक्षा ने 94.80 प्रतिशत अंक के साथ 14वीं रैंक प्राप्त की
एसवीएमआइसी जाखणीधार की अनवी ने 94.60 प्रतिशत अंक के साथ 15वीं रैंक, जीएचएसएस धमातोली, भिलंगना की कोमल ने 94.20 प्रतिशत अंक के साथ 17वीं रैंक हासिल की।
वहीं, अजय भट्ट एसवीएमआइसी श्रीकोट, चमियाला की सृष्टि ने 94 प्रतिशत अंक के साथ 18वीं रैंक, एचपीआइसी सनगांव, काणाताल की सिजल ने 93.80 प्रतिशत अंक के साथ 19वीं रैंक, एसएसएसबीसी जीआइसी हिंडोलाखाल के दीपक पुंडीर ने 93.60 प्रतिशत अंक के साथ 20वीं रैंक प्राप्त की।
जीएचएसएस ददुवा के आयुष और एसवीएमआइसी उनियालसारी, चंबा की प्रिया ने 93.40 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से 21वीं रैंक, एसवीएमआइसी श्रीकोट, चमियाला के वरुण चौहान और एसबीवीएमआइसी चौदहबीघा की वैष्णवी अमोली ने 93 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से 23वीं रैंक प्राप्त की।
वहीं, बीवीएस बौराड़ी के शिवांशु डबराल, संस्कार सृजन स्कूल टिहरी की आरुषि सेमल्टी और मदर मेडिकल स्कूल मुनिकीरेती की गंगा गुप्ता ने 92.80 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से प्रदेश में 24वीं रैंक हासिल की है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट अंकों से उत्तीर्ण होने वाले सभी छात्रों में खुशी की लहर है। मेधावी छात्रों के घरों पर बधाई देने वालों का तांता भी देखने को मिला।
वहीं टेलीफोन के माध्यम से भी लगातार बधाई संदेश मेधावियों को प्राप्त हो रहे हैं। बच्चों की सफलता पर माता-पिता और स्वजन एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां भी दे रहे हैं।
टिहरी जनपद में हाईस्कूल में कुल 1,08,983 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। जिनमें 55,144 बालिका और 53,839 बालक शामिल रहे।
इनमें से 1,08,536 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए, जबकि 447 असफल रहे। इसी तरह इंटरमीडिएट में कुल 1,00,752 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।
जिनमें 51,980 बालिका और 48,772 बालक शामिल रहे। इनमें से 99,978 छात्र-छात्राएं उत्तीण रहे, जबकि 774 के हाथ असफलता लगी।
टिहरी जिले के इंटर के होनहार
जेईई पास कर शुभम को बनना है टाप इंजीनियर
इंटरमीडिएट की बोर्ड में 94.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 13वां स्थान और जनपद टिहरी में टाप करने वाले शुभम पंवार जेईई मुख्य परीक्षा की पढ़ाई की तैयारी करेंगे।
हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में भी शुभम 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर दसवें स्थान पर रहे थे। मालूमरोड़ गांव निवासी शुभम के पिता दलेब सिंह पोलैंड के एक होटल में कार्यरत हैं, जबकि माता मां लक्ष्मी देवी गृहणी हैं। बेटे की सफलता से वह काफी खुश हैं।
माता लक्ष्मी देवी दादा कैप्टन (सेनि.) प्रेमसिंह व दादी सत्रि देवी के अनुसार शुभम में बचपन से ही पढ़ाई की ललक रही है। पौड़ीखाल वासियों के अनुसार शुभम की सफलता ने क्षेत्र का दोबारा सम्मान बढ़ाया है।
विज्ञानी बनकर अनीश को करनी है सरकारी सेवा
इंटर की परीक्षा में 94.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 14वीं रैंक हासिल करने वाले अनीश जोशी को भविष्य में बीएससी, एमएससी और पीएचडी करने के बाद विज्ञानी बनकर सरकारी सेवा में जाना है।
अनीश ने अपनी हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश में 17वीं रैंक प्राप्त की थी और अब कड़ी मेहनत व स्वाध्याय के दम पर तीन पायदान की छलांग मारी है।
अनीश के पिता राकेश चंद्र जोशी दिल्ली में होटल लाइन में काम करते हैं और माता सविता देवी गृहणी हैं। मूल रूप से देवप्रयाग के हिंडोलाखाल निवासी अनीश अपनी माता और भाई-बहन के साथ शांतिनगर, ढालवाला में किराए के कमरे में रहते हैं।
टिहरी जिले के हाईस्कूल के होनहार
एनडीए में जाकर राष्ट्र सेवा करना चाहते हैं मेघराज
हाईस्कूल की परीक्षा में 95.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 10वीं रैंक प्राप्त करने वाले मेघराज ने जनपद टिहरी में टाप किया है।
मेघराज इंटर पीएसएम विषय के साथ करने के बाद एनडीए में जाना चाहते हैं। मेघराज के अनुसार राष्ट्र सेवा ही उनका सपना है। इसके लिए उन्होंने अभी लक्ष्य बना लिया है।
मेघराज के पिता बबलू सिंह साउथ अफ्रीका में होटल लाइन में काम करते हैं, जबकि माता ममता देवी गृहणी हैं।
अनीश जाखणीधार के पास के गांव गढुगाढ़ का मूल निवासी है और माता व इंटर में पड़ रहे बड़े भाई के साथ जाखणीधार में किराए के कमरे रहता है।
अश्विनी का भविष्य में इंजीनियर बनने का है सपना
जाखणीधार के अश्विनी तिवारी में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हाईस्कूल की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अश्विनी ने 95 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 13वीं रैंक और जनपद टिहरी में दूसरा स्थान हासिल किया है।
अश्विनी के पिता खुशीराम तिवारी को बीते करीब ढ़ाई वर्ष पूर्व निधन हो चुका है, जबकि माता शीला देवी आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं। पिता की मृत्यु के बाद अश्विनी और उसकी 12 वर्षीय छोटी बहन की देखरेख की जिम्मेदारी मां के कंधों पर आ गई।
उनकी माता भी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहीं हैं। अश्विनी के अनुसार वह पीसीएम विषयों के साथ इंटर करने के बाद भविष्य में एक इंजीनियर बनना चाहते हैं।
प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती है आकांशा
हाईस्कूल की परीक्षा में 94.8 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 14वीं रैंक और जनपद टिहरी में तीसरा स्थान हासिल करने वाली आकांक्षा इंटर साइंस विषय के साथ करने के बाद भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं।
आकांक्षा के पिता जयपाल सिंह सजवाण भागीरथी विद्या मंदिर इंटर कालेज कांडी, छाम में ही प्रधानाचार्य एवं माता बीना देवी गृहणी हैं। वर्तमान में वह चिन्यालीसौड़ में रहते हैं।
अनवी का इंजीनियर बन क्षेत्र विकास में योगदान है सपना
हाईस्कूल की परीक्षा में 94.60 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में 15वीं रैंक और जनपद में चौथा स्थान प्राप्त करने वाली अनवी का सपना इंजीनियर बन राष्ट्र निर्माण और क्षेत्र के विकास में योगदान देना है।
अनवी के पिता नरेश चंद्र कनाडा में होटल लाइन में कार्यरत हैं, जबकि मां अंजू देवी गृहणी है। मूल रूप से जाखणीधार के नवाकोट निवासी अंजलि अपनी माता और छोटे भाई के साथ गांव में ही रहती हैं।
अभिषेक बडोनी, “अपना राज्य” डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं और पिछले 2 वर्षों से कंटेंट राइटिंग और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, रोजगार, सरकारी योजनाएं, स्वास्थ्य, पर्यटन और स्थानीय खबरों जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर लेखन किया है।“अपना राज्य” पर सरल और स्पष्ट भाषा में जानकारी प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं, जिससे हर वर्ग के पाठक आसानी से समझ सकें। उनका मुख्य उद्देश्य है कि राज्य से जुड़ी हर जरूरी जानकारी लोगों तक सही और आसान तरीके से पहुंचे।
“अपना राज्य” के साथ जुड़कर वे लगातार अपने लेखन कौशल को बेहतर बना रहे हैं और पाठकों के लिए उपयोगी कंटेंट तैयार कर रहे हैं।अभिषेक बडोनी का मानना है कि सही और सटीक जानकारी लोगों को जागरूक और सशक्त बनाती है। इसी सोच के साथ वे हर दिन नए विषयों पर रिसर्च करते हैं और पाठकों तक भरोसेमंद जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते हैं।
