मैक्सिको में 7.4 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

मैक्सिको में 7.4 तीव्रता का भूकंप आने से धरती दहल उठी। झटके ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर तक महसूस हुए, सुनामी की चेतावनी जारी।

मैक्सिको में 7.4 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

मैक्सिको: शुक्रवार को दक्षिणी मैक्सिको के प्रशांत तट पर शक्तिशाली भूकंप आने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। ग्वाटेमाला सीमा के पास आए इस भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई जा रही है। इसके तेज झटके मैक्सिको सिटी, ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर तक महसूस किए गए। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी कर दी गई है। हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र चियापास तट के पास एक्विलेस सेरदान से लगभग 48 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। इसकी गहराई 15 किलोमीटर दर्ज की गई, जिससे झटके काफी तेज महसूस हुए।

विशेषज्ञों के मुताबिक, मुख्य भूकंप से कुछ समय पहले समुद्र के भीतर कम तीव्रता का एक झटका भी महसूस किया गया था। इसके बाद आए शक्तिशाली भूकंप ने पूरे इलाके में लोगों को घरों और इमारतों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया।

भूकंप के बाद प्रशांत महासागर के तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोगों से तटीय क्षेत्रों से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।